बिहार में 27 मौतें; 4 राज्यों से मानसून की विदाई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बारिश थमने के बावजूद कई नदियां अब भी उफान पर हैं। प्रदेश के 11 जिलों में 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राजधानी लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से 40 हजार से अधिक घरों में पानी पहुंच गया है। बाढ़ के कारण करीब 10 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। कई इलाकों में सड़कों और गलियों में नावों की मदद से लोगों को निकाला जा रहा है।
बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अलग-अलग घटनाओं में अब तक 27 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 20 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। सारण में बाढ़ के पानी में डूबने से 12 लोगों की मौत हुई है। सीवान में भी बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई।
बिहार सरकार के अनुसार राज्य का करीब 68.80 लाख हेक्टेयर क्षेत्र यानी लगभग 73 प्रतिशत हिस्सा बाढ़ से प्रभावित है। राज्य के 38 में से 28 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ नियंत्रण और इससे निपटने के लिए राज्य सरकार हर साल करीब 6,400 करोड़ रुपये खर्च करती है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई
राजस्थान से करीब तीन दिन की देरी के बाद शनिवार को मानसून पूरी तरह विदा हो गया। मानसून की विदाई के साथ राज्य में तापमान बढ़ने लगा है। झुंझुनूं के पिलानी में शनिवार को दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इस मानसून सीजन में राजस्थान में सामान्य से करीब 22 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।
मध्य प्रदेश से भी शनिवार को मानसून की विदाई हो गई। हालांकि अक्टूबर में कुछ इलाकों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 7 अक्टूबर को पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
हिमाचल और उत्तराखंड से भी मानसून विदा
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से भी शनिवार को मानसून पूरी तरह विदा हो गया। उत्तराखंड में 5 अक्टूबर से पहाड़ी जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 6 और 7 अक्टूबर को कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।
देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिल रहा है। बिहार के बेतिया में बाढ़ के पानी के दबाव से मुख्य सड़क टूट गई, जबकि ओडिशा के पुरुषोत्तमपुर में अचानक मौसम बदलने के बाद तेज बारिश हुई। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में बर्फबारी से सब्जियों और जड़ी-बूटियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की खबर है।





















