सुलतानपुर। जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के दरपीपुर गांव में शुक्रवार को करंट की चपेट में आने से 33 वर्षीय युवक मनीष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर जैसे ही परिवार के लोगों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। अचानक हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।
मृतक मनीष सिंह गांव के रहने वाले भानु प्रताप सिंह के पुत्र थे। बताया जा रहा है कि करंट की चपेट में आने के बाद उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और परिवार को संभालने में जुट गए।
हादसे की सूचना मिलने पर सेमरी और बिरसिंहपुर पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी विवेक राय ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, मनीष की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में भी शोक की लहर है।






















