बाराबंकी। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को बाराबंकी में देशभक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। सरकारी और गैर सरकारी प्रतिष्ठानों पर तिरंगा शान से लहराया तो स्कूलों से लेकर जिला मुख्यालय तक आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य समारोह में खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान के इन पलों में समारोह का माहौल भावुक भी नजर आया। राज्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी हजारों लोगों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने लोगों से सेनानियों के संघर्ष को याद रखते हुए देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सिर्फ उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन महान बलिदानों को याद करने और देश के प्रति अपने दायित्वों को दोहराने का अवसर है। एमएलसी अंगद सिंह, जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत और भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा ने भी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। सभी ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने की अपील की।
मुख्य समारोह में छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल में अलग ही रंग भर दिया। बेसिक शिक्षा विभाग की छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसके बाद देशभक्ति गीतों और नृत्य की प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और ‘वंदे मातरम्’ व ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से गूंजता रहा। कार्यक्रम में एसपी अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, डीएफओ आकाशदीप बधावन, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






















