बाराबंकी। सुबेहा थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे गुमान मजरे कोलवा में घर के सामने सहन की सरकारी जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें महिलाओं समेत आठ से अधिक लोग घायल हो गए। इसी दौरान शमशेर नामक व्यक्ति ट्रैक्टर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से जुड़ा मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मृतक के भाई मुश्ताक अहमद ने सुबेहा थाने में नामजद तहरीर देकर विपक्षी पक्ष पर सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सहन की जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते शमशेर के साथ पहले लाठी-डंडों से मारपीट की गई और बाद में कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से शमशेर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। मारपीट में घायल लोगों को पुलिस ने चिकित्सीय परीक्षण और उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।






















