श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली क्षेत्र में चोरी की योजना बना रहे बदमाशों और पुलिस की संयुक्त टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। अण्टा तिराहे से जानकी नगर जाने वाले रास्ते पर पुलिस और SOG की टीम ने संदिग्ध बदमाशों को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, घिरने के बाद बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मंगरे प्रसाद के पैर में गोली लग गई। वहीं, कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मी प्रवीण पाण्डेय भी गिरकर घायल हो गए। पुलिस टीम ने घायल मंगरे प्रसाद समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भिनगा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, एक अवैध चाकू और चोरी करने के उपकरण बरामद हुए हैं। इसके अलावा भिनगा, सिरसिया और सोनवा थाना क्षेत्रों में हुई चोरी से जुड़े जेवरात, नकदी और अन्य सामान भी बरामद किए जाने की बात कही गई है।
मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार चेकिंग और दबिश दे रही हैं। घटना के बाद इलाके में पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।






















