सरोजनीनगर, लखनऊ। नेपाल की राजधानी काठमांडू में सोमवार सुबह अचानक मौसम खराब होने से विमान सेवाएं प्रभावित हुईं। खराब मौसम के चलते काठमांडू जाने वाली दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर डायवर्ट कर सुरक्षित उतारा गया। इनमें जजीरा एयरवेज की उड़ान सुबह 6:27 बजे और एयर इंडिया की उड़ान सुबह 7:50 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। दोनों विमानों को काठमांडू में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बाद लखनऊ भेजा गया।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, जजीरा एयरवेज की उड़ान जे9 1539 कुवैत से रात 10:15 बजे रवाना होकर सुबह करीब 6:30 बजे काठमांडू पहुंचती है। सोमवार सुबह खराब मौसम के कारण विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद विमान काफी देर तक त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के ऊपर चक्कर काटता रहा। बाद में इसे लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया, जहां विमान सुबह 6:27 बजे सुरक्षित उतरा।
इसी तरह एयर इंडिया की उड़ान एआई 215 दिल्ली से तड़के 4:30 बजे रवाना होकर सुबह करीब 6:35 बजे काठमांडू पहुंचती है। सोमवार को काठमांडू पहुंचने पर एटीसी से लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के कारण विमान को भी काफी देर तक हवाईअड्डे के ऊपर चक्कर लगाना पड़ा। इसके बाद इसे लखनऊ भेज दिया गया। एयर इंडिया का विमान सुबह 7:50 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। दोनों विमानों को मौसम में सुधार होने तक लखनऊ में ही रोका गया।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, काठमांडू में मौसम सामान्य होने के बाद दोनों उड़ानों को दोबारा रवाना किया गया। जजीरा एयरवेज की उड़ान सुबह 8:33 बजे और एयर इंडिया की उड़ान सुबह 9:08 बजे लखनऊ से काठमांडू के लिए रवाना हुई। इस दौरान यात्रियों को कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि, दोनों विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और बाद में उड़ान भरने से किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं मिली।





















