शाहजहांपुर। सदर बाजार थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बीबी जई हद्दफ मोहल्ले में उसके घर के पास से दबोचा। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई बेंच भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले में 20 सितंबर को रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के ख्वाजा फिरोज निवासी गोविंद अवस्थी ने सदर बाजार थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि जाबिर, अजय और उनके करीब आधा दर्जन अज्ञात साथियों ने एकजुट होकर उनके सिर पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गईं। सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने बीबी जई हद्दफ मोहल्ले में दबिश देकर अजय जोशी पुत्र पप्पू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 20 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बेंच बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में चोरी और माल बरामदगी तथा वर्ष 2025 में आबकारी अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुशील कुमार और कांस्टेबल संजय पोसवाल शामिल रहे।





















