लखनऊ। महिलाओं की शिक्षा, जागरूकता और स्वावलंबन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के लिए भोर फाउंडेशन की अध्यक्ष स्वाति सिंह को दुर्गा स्वरूपा सम्मान समारोह-2026 में सम्मानित किया गया। दुर्गा स्वरूपा फाउंडेशन की ओर से गोमती नगर स्थित उर्दू अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री की पत्नी नम्रता पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
समारोह के दौरान स्वाति सिंह को वीआईपी अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया। नम्रता पाठक ने उन्हें अंगवस्त्र, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। यह सम्मान महिलाओं को शिक्षित करने, उन्हें जागरूक बनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए दिया गया।
सम्मान मिलने पर स्वाति सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि भोर फाउंडेशन की पूरी टीम का है, जो जमीनी स्तर पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
कार्यक्रम में भोर फाउंडेशन की टीम भी मौजूद रही। समारोह का आयोजन रागिनी श्रीवास्तव, विजयलक्ष्मी श्रीवास्तव, शताक्षी गुप्ता और विवेक बदलानी की टीम ने किया। कार्यक्रम में महिलाओं की शिक्षा, जागरूकता और स्वावलंबन के प्रयासों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।





















