श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने मंगलवार, 29 सितंबर को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में जनता दर्शन के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें उनके सामने रखीं।
जनता दर्शन में भूमि पर कब्जे, राशन, पारिवारिक विवाद समेत अन्य मामलों से जुड़ी कुल नौ शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी परेशानियों को समझते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को फोन कर तत्काल और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की देरी न हो और हर मामले पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और संतुष्टिपरक तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





















