श्रावस्ती। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने मंगलवार, 29 सितंबर को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए प्रेरित किया।
परेड के दौरान पुलिसकर्मियों से सामूहिक दौड़ लगवाई गई। इसके साथ ही अनुशासन, एकरूपता और कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल का अभ्यास कराया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का भी विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्वार्टर गार्द और शस्त्रागार का जायजा लिया। शस्त्रों की साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव के लिए संबंधित कर्मियों को निर्देश दिए। स्टोर में रखे सामान और रजिस्टरों की जांच करते हुए परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
आदेश कक्ष में रजिस्टरों की जांच के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ काम करने की हिदायत दी गई। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा समयबद्धता और कार्यकुशलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक अखिलेश कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





















