बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र में गोला दागते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के बच्चों के साथ घर के पास चौराहे पर गोला दाग रहा 8 वर्षीय मासूम अचानक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में बच्चा बुरी तरह झुलस गया।
घायल बच्चे की पहचान गंगवल बाजार निवासी छोटू के रूप में हुई है। बताया गया कि बच्चे के पास गोला अचानक दग गया, जिससे वह हादसे की जद में आ गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने घायल मासूम को इलाज के लिए भर्ती कराया है। उसका इलाज बहराइच मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल है और बच्चे की हालत को लेकर परिजन परेशान हैं।
घटना को लेकर घायल बच्चे के पिता रमेश कश्यप ने जानकारी दी। मामले की जानकारी स्थानीय स्तर पर पुलिस को भी दी गई है। रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव।





















