अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र स्थित सिद्धपीठ मां कामाख्या धाम में शारदीय नवरात्र को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 12 अक्टूबर को यहां 251 मीटर लंबी चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं और आयोजकों में उत्साह है। नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां कामाख्या धाम में दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
भाजपा विधायक रामचंद्र यादव के मुताबिक चुनरी यात्रा सुबह नौ बजे हरिहरपुर स्थित मां हैजा माई मंदिर से शुरू होगी और मां कामाख्या धाम पहुंचकर संपन्न होगी। आयोजकों के अनुसार यात्रा में 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के भी शामिल होने की संभावना जताई गई है।
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। विधायक ने मेला परिसर से गोमती घाट तक सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए हैं।
शारदीय नवरात्र के दौरान मां कामाख्या धाम में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों और संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।





















