अयोध्या में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 5 अक्टूबर को प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दोनों नेता रानोपाली स्थित उदासीन आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान संस्कृत विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया जाएगा।
रक्षा मंत्री उदासीन आश्रम के पूर्वाचार्य की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। वीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
एसपी ट्रैफिक सुधीर जायसवाल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर प्रस्तावित रूट चार्ट और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। ट्रैफिक पुलिस ने रक्षा मंत्री के काफिले के आवागमन को ध्यान में रखते हुए रूट और ड्यूटी प्वाइंट निर्धारित किए हैं।
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। रक्षा मंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान कुछ मिनट के लिए यातायात रोका जाएगा और काफिला निकलने के तुरंत बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।





















