लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में बर्थडे समारोह से लौट रही बाइक सवार महिला की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे में महिला का देवर और भांजा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना दरोगा खेड़ा के पास की बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-डी निवासी छोटू गुप्ता गुरुवार देर शाम परिवार के साथ बंथरा कस्बे में अपनी साली के बेटे के जन्मदिन समारोह में गए थे। देर रात उनकी पत्नी रोशनी (26) अपने देवर प्रमोद और भांजे आर्यन के साथ बाइक से घर लौट रही थी। इसी दौरान दरोगा खेड़ा के पास बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई और तीनों घायल हो गए।
कुछ देर बाद पीछे से ऑटो से आ रहे रोशनी के पति और परिवार के अन्य लोगों ने तीनों को सड़क पर घायल अवस्था में देखा। परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रोशनी को मृत घोषित कर दिया। आर्यन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि प्रमोद को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
परिजनों ने घटना की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि घटनास्थल के पास पुलिस पिकेट होने के बावजूद घायल काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने या परिजनों को सूचना देने की कोशिश नहीं की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।





















