लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर 91वीं वाहिनी द्रुत कार्य बल (आरएएफ) की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंद्रावल में वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। बिजनौर स्थित आरएएफ की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत कमांडेंट जितेंद्र कुमार ओझा की देखरेख में हुआ।
द्वितीय कमान अधिकारी सोहन सिंह की मौजूदगी में आरएएफ के अधिकारियों और जवानों ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान अमरूद, जामुन, नीम, सागवान और आंवला समेत फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने पौधों को लगाने के साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जरूरत पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई।
इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंद्रावल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. पियुष अवस्थी, प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र रावत, जिला प्रतिनिधि अनुज पाल, जिला मंत्री मुकेश शर्मा, ब्लॉक प्रमुख सुनील रावत, पूर्व प्रधान सर्वेश रावत समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण के साथ उनकी देखभाल को भी जरूरी बताया।





















