श्रावस्ती। 24 और 25 सितंबर को हुई भारी बारिश, तेज हवा और अतिवृष्टि से जिले में विद्युत विभाग को भारी नुकसान हुआ है। अधिशासी अभियंता विद्युत राज नारायण के अनुसार, दैवीय आपदा के चलते श्रावस्ती को बिजली आपूर्ति करने वाले 13 विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। इस दौरान जिले में 2110 विद्युत पोल और विभिन्न क्षमता के 45 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।
मौसम सामान्य होते ही विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए उपकेंद्रवार टीमें गठित कर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। विभाग के मुताबिक अब तक 535 टूटे हुए विद्युत पोल बदले जा चुके हैं। इसके साथ ही 33 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं, जिससे 350 प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार शेष प्रभावित गांवों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय कर्मचारियों और कार्यदायी संस्था की टीमें युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। वहीं पावर कॉरपोरेशन निगम मुख्यालय की ओर से टूटे पोल को बदलने के लिए चरणबद्ध तरीके से सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में श्रावस्ती को अब तक अतिरिक्त 610 बिजली के पोल आवंटित किए जा चुके हैं।
विद्युत विभाग का कहना है कि भंडार केंद्र पर लाइन सामग्री आवश्यकतानुसार उपलब्ध है। क्षतिग्रस्त पोल और ट्रांसफार्मर को जल्द बदलकर शेष गांवों में भी विद्युत आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। विभागीय टीमें लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हैं और काम प्रगति पर है।
रिपोर्ट: मनीष श्रीवास्तव, श्रावस्ती





















