बहराइच। पत्नी को मनाने के लिए ससुराल जा रहे एक व्यक्ति की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कैसरगंज टोल गेट के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार रवि गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया।
बताया जा रहा है कि फखरपुर थाना क्षेत्र निवासी रवि की पत्नी किसी बात को लेकर नाराज होकर अपने मायके चली गई थी। पत्नी को वापस घर लाने और उसे मनाने के लिए रवि बाइक से अकेले ससुराल के लिए निकले थे। लेकिन रास्ते में कैसरगंज टोल गेट के पास हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि पत्नी को मनाने निकले रवि अब कभी वापस नहीं लौटेंगे।
इस दर्दनाक हादसे के बाद रवि के परिवार में गम का माहौल है। मृतक के भाई महेश ने घटना को लेकर अपनी बात रखी। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। यह मामला बहराइच कोतवाली कैसरगंज क्षेत्र के टोल गेट का है।
बाइट: महेश, मृतक के भाई
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव





















