लखनऊ। नेपाल के पोखरा में शनिवार शाम अचानक मौसम खराब होने के बाद दुबई से पोखरा जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। पोखरा में मौसम की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण विमान को वहां लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर भेजा गया, जहां उसने सुरक्षित लैंडिंग की।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक फ्लाईदुबई की उड़ान FZ-1165 शनिवार दोपहर करीब 12 बजे दुबई से रवाना हुई थी और उसे शाम 6:15 बजे पोखरा पहुंचना था। हालांकि, पोखरा में मौसम खराब होने के कारण वहां विमान संचालन प्रभावित हुआ। इसी वजह से उड़ान को लखनऊ के लिए डायवर्ट किया गया। विमान A6-FMU (बोइंग 737 MAX-8) ने शाम करीब 6:53 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
लखनऊ एयरपोर्ट अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विमान की लैंडिंग किसी आपात स्थिति के चलते नहीं हुई थी। विमान में किसी तरह की तकनीकी खराबी या अन्य आपात स्थिति नहीं थी। मौसम की वजह से लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के कारण उड़ान का रूट बदला गया था। लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने के बाद विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सभी सदस्यों की स्थिति सामान्य रही।
बाद में जब पोखरा का मौसम सुधरा और वहां विमान संचालन की स्थिति सामान्य हुई तो उड़ान को दोबारा रवाना किया गया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार विमान ने रात करीब 8:08 बजे लखनऊ से पोखरा के लिए उड़ान भरी। मौसम खराब होने के कारण कुछ समय के लिए बदले गए रूट के बाद विमान के सुरक्षित रवाना होने से यात्रियों ने भी राहत की सांस ली।





















