लखनऊ के सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड-18 की अवध विहार कॉलोनी में सोमवार को इंटरलॉकिंग सड़क और पक्की नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। स्थानीय पार्षद रामनरेश रावत (एडवोकेट) ने भूमि पूजन कर कार्य की शुरुआत कराई। इसके बाद मंडल अध्यक्ष केके श्रीवास्तव और रामेश्वर त्यागी ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
पार्षद रामनरेश रावत ने बताया कि महापौर सुषमा खर्कवाल की निधि से करीब 10 लाख रुपये की लागत से यह निर्माण कराया जा रहा है। इसके तहत राज किशोर पत्रकार के घर से ऋषि राम के घर होते हुए कुंवर बहादुर यादव के घर से पहले तक करीब 90 मीटर लंबी और साढ़े चार मीटर चौड़ी इंटरलॉकिंग सड़क बनाई जाएगी। इसके साथ ही जल निकासी के लिए पक्की नाली का निर्माण भी कराया जाएगा।
पार्षद के मुताबिक, कॉलोनी में लंबे समय से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गली में जलभराव, कीचड़ और गंदगी की समस्या बनी हुई थी। कच्चे और ऊबड़-खाबड़ रास्ते के चलते स्थानीय लोगों को आवागमन में भी परेशानी होती थी। इस रास्ते से रोजाना करीब 200 से 250 लोगों का आवागमन होता है। निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने पार्षद का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान भाजपा मंडल महामंत्री राजन गुप्ता, सूर्य प्रकाश मिश्रा, विनय वर्मा, रामकुमार गौतम, तौहीद, दिलीप शाहा, श्याम मोहन शर्मा, आलोक यादव, दीनानाथ ओझा, अशोक ओझा, फूलचंद गौतम, आशीष और राजकुमारी समेत कई लोग मौजूद रहे।





















