लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही एक महिला से बाइक सवार बदमाश चेन छीनकर फरार हो गया। घटना सोमवार रात करीब 9:15 बजे पराग रोड स्थित शनिदेव मंदिर के पास हुई। वारदात के बाद आरोपी कानपुर रोड की ओर भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश में आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
सरोजनीनगर की हैडिल जयराजपुरी कॉलोनी निवासी अमित वर्मा के मुताबिक, 12 अक्टूबर की रात वह अपनी मां इंद्रा वर्मा के साथ मोटरसाइकिल से ज्वाला देवी मंदिर में दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद वह अपनी मां को पैशन प्रो मोटरसाइकिल से लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पराग रोड पर शनिदेव मंदिर के पास पीछे से आए एक अज्ञात बाइक सवार ने उनकी मां के गले पर झपट्टा मारकर चेन छीन ली।
अचानक हुई वारदात से मां-बेटे घबरा गए। जब तक वे कुछ समझ पाते, आरोपी चेन लेकर बाइक से तेजी से कानपुर रोड की ओर भाग गया। अमित वर्मा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए तलाश की, लेकिन तत्काल कोई सफलता नहीं मिली।
पीड़ित महिला के बेटे की शिकायत पर सरोजनीनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की जांच जारी है।





















