होल्डिंग एरिया, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा, अतिरिक्त भीड़ से निपटने के लिए अतिरिक्त रेक तैयार
पीडीडीयू नगर। वाराणसी में 22 अक्टूबर से शुरू होने वाले एयर शो को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार शाम मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन के मुख्य सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश द्वारों, यात्रियों की आवाजाही और उनके लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया की व्यवस्था देखी। संभावित भीड़ को देखते हुए जरूरत पड़ने पर परिचालन के लिए एक अतिरिक्त रेक तैयार रखा गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराने को मोबाइल यूटीएस की व्यवस्था की गई है। साथ ही स्टेशन पर टिकट और खानपान की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आरपीएफ-जीआरपी के जवान तैनात, सीसीटीवी से निगरानी
स्टेशन परिसर में सुरक्षा और यात्रियों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में जिला प्रशासन भी सहयोग कर रहा है। पूरे स्टेशन परिसर पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
दिव्यांगजनों के लिए सात शौचालय, स्वच्छता बनाए रखने की अपील
रेलवे प्रशासन के अनुसार, स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगभग 24 मूत्रालय, 70 शौचालय और दिव्यांगजनों के अनुकूल सात शौचालय उपलब्ध हैं। रेल प्रशासन ने यात्रियों से इन सुविधाओं का उपयोग करने और स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की है। यात्रियों से खुले में पेशाब नहीं करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग देने का आग्रह किया गया है। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





















