सुल्तानपुर। अखंडनगर क्षेत्र में बुधवार, 21 अक्टूबर को मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर विभिन्न घाटों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। संबंधित मजिस्ट्रेटों की निगरानी में विसर्जन कार्यक्रम कराया गया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती।
मझुई नदी के नेमपुर घाट पर राहुलनगर चौकी प्रभारी कन्हैया कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे। वहीं, मुरादाबाद-सुरहुरपुर घाट पर बेलवाई चौकी पुलिस और अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र की पुलिस तैनात रही। सभी पुलिसकर्मियों को घाटों पर निगरानी रखने और विसर्जन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई थी।
कुंवर नदी के गिधौना पुल पर अखंडनगर थाने की पुलिस ने मोर्चा संभाला, जबकि जौनपुर के बांध गांव घाट पर अखंडनगर और सरपतहा थाना क्षेत्र की पुलिस मौजूद रही। इसके अलावा अन्य निर्धारित विसर्जन स्थलों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। नदी में उतरकर मूर्ति विसर्जन करने वाले युवकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों के प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि सभी निर्धारित विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस और प्रशासन की सतर्कता तथा मजिस्ट्रेटों की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता देते हुए पूरी व्यवस्था पर नजर रखी।





















