लखनऊ। सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड-18 की अवध बिहार कॉलोनी में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए मंगलवार को सड़क और नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। पार्षद रामनरेश रावत एडवोकेट ने 15वें वित्त की निधि से बंधुवा तालाब के निकट तुफैल खान और मुनव्वर खान के मोहल्ले में निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
मदीना मस्जिद से तुफैल खान के घर होते हुए बंधुवा तालाब की पक्की सड़क तक करीब 500 मीटर लंबी और तीन मीटर चौड़ी इंटरलॉकिंग सड़क बनाई जाएगी। पार्षद के मुताबिक, इस मार्ग पर पिछले दस वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क और घरों के आसपास पानी भर जाता था, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी।
पार्षद रामनरेश रावत ने बताया कि महापौर सुषमा खर्कवाल और विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के सहयोग से यह कार्य कराया जा रहा है। 15वें वित्त की निधि से सड़क और नालियों के निर्माण पर कुल 97 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे कॉलोनी के करीब 300 घरों की जलनिकासी की समस्या दूर होने की उम्मीद है।
भूमि पूजन के बाद कॉलोनी निवासी स्वतंत्र कुमार शुक्ला और सूर्य प्रकाश मिश्रा ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की, जबकि राजेश गुप्ता ने फावड़ा चलाया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष केके श्रीवास्तव समेत फुलचंद गौतम, जयराम यादव, ऋषि राम यादव, रामेश्वर त्यागी, मुनव्वर खान, तुफैल खान और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।





















