लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में बुधवार को पेट्रोल पंप के पास से मोटरसाइकिल चोरी करने का प्रयास कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, बलिया जिले के बांसडीह थाना क्षेत्र के हरदत्तपुर निवासी रपुंजय यादव वर्तमान में बिजनौर के बहादुरखेड़ा स्थित रामजानकी सर्विस स्टेशन (पवन पेट्रोलियम) पर रहते हैं। बुधवार, 21 अक्टूबर को पेट्रोल पंप के पास एक युवक उनकी मोटरसाइकिल चोरी करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान रपुंजय यादव और पुलिस की मदद से उसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए युवक की पहचान मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के राधाकृष्ण खेड़ा निवासी रामबाबू (28) के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कभी-कभी नशा करता है। नशे के लिए रुपये नहीं होने के कारण उसने मोटरसाइकिल चोरी करने की कोशिश की। उसने भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की बात भी कही।
पुलिस ने रपुंजय यादव की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।





















