अखण्डनगर, सुल्तानपुर। जिले के अखण्डनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय राम तीरथ उर्फ साधू की मौत हो गई। मरुईकृष्णदासपुर गांव निवासी राम तीरथ उमरी गांव में एक महिला के अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी काटने गए थे। इसी दौरान पेड़ की ऊपर लटक रही एक डाल अचानक टूटकर उनके सिर पर गिर गई। गंभीर चोट लगने से उनकी हालत बिगड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, उमरी गांव निवासी अशोक कुमार की पत्नी की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी काटने राम तीरथ अपने गांव के अशोक कुमार के रिश्तेदार महेंद्र कुमार के साथ गए थे। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे पेड़ से लकड़ी काटते समय अचानक ऊपर लटक रही डाल टूटकर राम तीरथ के सिर पर गिर गई। हादसे के बाद महेंद्र कुमार, अन्य परिजन और ग्राम प्रधान सियाराम मौर्य उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के प्रत्यक्षदर्शी महेंद्र कुमार की भी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल अंबेडकर नगर रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे।
राम तीरथ की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। उनकी पत्नी कमलेश, बेटे सौरभ और गौरव सहित बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





















