बहराइच। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का काफिला श्रावस्ती जाते समय बहराइच में भींगा रोड स्थित संजय सिंह के निजी होटल में रुका। ओवैसी श्रावस्ती में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इस दौरान होटल पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी भी रही।
होटल में रुकने के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने विपक्षी राजनीतिक दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक पार्टियां नहीं चाहतीं कि ‘अब्दुल’ अपने मान-सम्मान की बात करे। ओवैसी ने आरोप लगाया कि वे चाहते हैं कि ‘अब्दुल’ सिर्फ दरी बिछाता रहे और जिंदाबाद के नारे लगाता रहे।
ओवैसी ने आगे कहा कि मस्जिदें टूटती रहें, झूठे आरोप लगाए जाते रहें और लोगों को जेलों में डाला जाता रहे। उन्होंने एनकाउंटर का भी जिक्र करते हुए विपक्षी दलों पर सवाल उठाए। ओवैसी के इन बयानों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज होने की संभावना है।
बहराइच के भींगा रोड स्थित होटल में कुछ देर रुकने के बाद ओवैसी का काफिला श्रावस्ती के लिए रवाना हो गया। श्रावस्ती में उनका कार्यक्रम प्रस्तावित था। कार्यक्रम के दौरान ओवैसी ने किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, इस पर सभी की नजरें टिकी रहीं।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव





















