बहराइच। जिले में गुरुवार को मवेशी से बाइक टकराने के कारण दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हरदी थाना क्षेत्र के खरचहा चौराहे के पास हुआ। दोनों घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महसी में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का इलाज बहराइच मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, रामगांव थाने में तैनात आरक्षी 25 वर्षीय इंद्रसेन और 25 वर्षीय अखिलेश बाइक से सीओ कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान हरदी थाना क्षेत्र के खरचहा चौराहे के पास उनकी बाइक की मवेशी से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए सीएचसी महसी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद दोनों को बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।





















