बाराबंकी में किसानों ने खेती-किसानी से इतर समाजसेवा की एक अच्छी मिसाल पेश की। आजाद भारतीय किसान यूनियन और भारतीय किसान यूनियन सरदार भगत सिंह के संयुक्त आयोजन में जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने फीता काटकर किया। इस दौरान संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़कर रक्तदान किया।
शिविर में सात लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इनमें राम करन यादव, नीतू यादव, शैल कुमारी, संग्राम सिंह, वीरेंद्र कुमार यादव, राखी गुप्ता और मोहम्मद तौसीफ शामिल रहे। रक्तदान करने के बाद कार्यकर्ताओं ने लोगों से भी इस नेक काम के लिए आगे आने की अपील की। उनका कहना था कि जरूरत के समय किसी अनजान व्यक्ति के काम आना ही रक्तदान की सबसे बड़ी सार्थकता है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव और प्रदेश अध्यक्ष लालजी यादव ने बताया कि अब हर महीने की 13 तारीख को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई बार समय पर रक्त उपलब्ध न होने से मरीजों और उनके परिवारों को परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में नियमित रक्तदान की पहल जरूरतमंद लोगों के लिए मददगार साबित हो सकती है।
शिविर के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जयप्रकाश मौर्य, ब्लड बैंक काउंसलर पंकज वर्मा समेत स्वास्थ्य विभाग और किसान संगठनों से जुड़े कई लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने लोगों से अपील की कि स्वस्थ व्यक्ति अपनी इच्छा से रक्तदान कर किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में योगदान दें। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।






















