10 से ज्यादा घायल
तिरुपति। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में शनिवार तड़के बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। श्री सिटी स्पेशल इकोनॉमिक जोन (SEZ) स्थित एक निजी फार्मास्युटिकल यूनिट में बॉयलर फटने से पांच कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा सत्यवेडु मंडल स्थित टिल हेल्थकेयर की फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में हुआ। कंपनी में टैबलेट बनाने का काम होता है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय कर्मचारी नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे। अचानक बॉयलर में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद यूनिट में आग फैल गई।
विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस, दमकल और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के साथ राहत अभियान शुरू किया।
अधिकारियों के मुताबिक, अभी बॉयलर फटने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इसमें तकनीकी खराबी, सुरक्षा व्यवस्था में कमी या संचालन के दौरान हुई किसी चूक समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जाएगी।
अभी सभी मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या की पुष्टि भी की जानी बाकी है। घायलों की मेडिकल जांच और राहत अभियान पूरा होने के बाद हादसे की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
नारा लोकेश ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के शिक्षा एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कर्मचारियों की मौत पर संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।





















