Greater Noida Expressway Bus Fire: ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर स्लीपर बस अचानक आग की चपेट में आ गई। कुछ ही देर में आग ने बस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया। यह घटना ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-150 के पास की बताई जा रही है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
बस में मौजूद थे 32 यात्री
जानकारी के मुताबिक, यह बस दिल्ली से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही थी। हादसे के समय बस में कुल 32 यात्री मौजूद थे। जैसे ही बस में आग लगी, यात्रियों को तुरंत बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी गई। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और घटना में किसी की जान नहीं गई। हालांकि, आग इतनी तेज थी कि यात्रियों का सामान बस के अंदर ही जलकर खाक हो गया। हादसे के बाद यात्रियों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दो दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शाम के वक्त बस में आग लगने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पा लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस धू-धूकर जलती दिखाई दे रही है।





















