तीन बार आमने-सामने आने का रास्ता, ग्रुप स्टेज के बाद भी टकराव संभव
नई दिल्ली। क्रिकेट प्रशंसकों को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। आईसीसी ने 2027 वनडे विश्वकप का कार्यक्रम जारी कर दिया है। भारत और पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया है और दोनों टीमें 10 अक्टूबर 2027 को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।
इस मुकाबले के अलावा टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच दो और मैच होने की संभावना है। दोनों टीमें यदि ग्रुप स्टेज से आगे सुपर-7 चरण में पहुंचती हैं तो उनका दूसरा मुकाबला 7 नवंबर 2027 को केपटाउन में निर्धारित है। इसके बाद दोनों टीमें सेमीफाइनल या फाइनल में एक-दूसरे के सामने आती हैं तो तीसरी भिड़ंत भी हो सकती है। यानी टूर्नामेंट के दौरान दोनों के बीच अधिकतम तीन मुकाबले संभव हैं।
भारत की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ
भारत विश्वकप में अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा। यह मुकाबला केपटाउन में खेला जाएगा। इसके तीन दिन बाद भारत और पाकिस्तान की बहुप्रतीक्षित भिड़ंत होगी।
ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और एक क्वालीफायर टीम शामिल है। ग्रुप बी में न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, इंग्लैंड, बांग्लादेश और दूसरा क्वालीफायर होगा।
नया है विश्वकप का प्रारूप
2027 का विश्वकप पहले के मुकाबलों से अलग प्रारूप में खेला जाएगा। कुल 14 टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। ग्रुप स्टेज के दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें अगले चरण में पहुंचेंगी। दोनों ग्रुप की चौथे स्थान वाली टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को भी सुपर-7 में जगह मिलेगी।
इसके बाद सात टीमों का सुपर-7 चरण होगा, जिसमें प्रत्येक टीम छह मैच खेलेगी। सुपर-7 की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
विश्वकप में भारत का पलड़ा रहा है भारी
वनडे विश्वकप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान कई बार आमने-सामने आए हैं और पिछले विश्वकप मुकाबलों में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज की है। 2023 विश्वकप में भी भारत ने अहमदाबाद में पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था।
हालांकि 2027 विश्वकप का नया प्रारूप दोनों टीमों के बीच संभावित मुकाबलों की संख्या बढ़ा रहा है। पहला मुकाबला 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में होगा, जबकि सुपर-7 में पहुंचने की स्थिति में 7 नवंबर को फिर सामना हो सकता है। इसके बाद नॉकआउट चरण में तीसरी भिड़ंत की संभावना बनी रहेगी।
विश्वकप 2 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। फाइनल 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में होगा।





















