अमृत उजाला
लखनऊ, 26 जुलाई। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) हरिद्वार सहित प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। वहीं, यात्रा की निगरानी के लिए प्रत्येक क्षेत्रीय मुख्यालय पर 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे।
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को बसों के सुरक्षित संचालन और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम यात्रा शुरू होने से लेकर उसके समापन तक लगातार सक्रिय रहेंगे और सभी गतिविधियों की निगरानी के साथ रिकॉर्ड भी रखा जाएगा।
हरिद्वार समेत प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए हरिद्वार के लिए विशेष बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे प्रमुख मार्गों पर भी आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी।
बस स्टेशनों पर मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
कांवड़ मार्ग पर स्थित बस स्टेशनों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पूछताछ कक्ष, ध्वनि प्रसारण प्रणाली और खान-पान के स्टॉल सुचारु रूप से संचालित किए जाएंगे ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सड़क सुरक्षा पर विशेष फोकस
सरकार ने कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सभी बसों की गति निर्धारित सीमा के भीतर रखी जाएगी। साथ ही सभी चालकों का अनिवार्य ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट कराया जाएगा और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रशासन और पुलिस के साथ रहेगा समन्वय
क्षेत्रीय प्रबंधकों को मंडलायुक्त और जिलाधिकारी की बैठकों में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर रूट डायवर्जन, यातायात प्रबंधन और बस संचालन को सुचारु रखा जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा जारी रूट डायवर्जन की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक व्हॉट्सएप ग्रुप, दूरभाष और अन्य संचार माध्यमों के जरिए तुरंत पहुंचाई जाएगी, ताकि बस संचालन प्रभावित न हो।
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें, हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं और यह सुनिश्चित करें कि परिवहन निगम की बसों के कारण कांवड़ यात्रा किसी भी स्थिति में बाधित न हो। आवश्यकता पड़ने पर बसों का संचालन जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से कराया जाएगा।






