लखनऊ के सरोजनीनगर स्थित लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वाणिज्यिक वाहनों के लिए एयरपोर्ट एक्सेस शुल्क के साथ पार्किंग शुल्क और मासिक पास की नई दरें लागू कर दी गई हैं। एयरपोर्ट संचालक के मुताबिक संशोधित शुल्क देश के अन्य हवाई अड्डों पर लागू व्यवस्थाओं के अनुरूप तय किए गए हैं। इसका उद्देश्य लैंडसाइड सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन, रखरखाव, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है।
नई पार्किंग दरों के मुताबिक दोपहिया वाहनों के लिए आठ मिनट तक 50 रुपये, 30 से 60 मिनट तक 100 रुपये और 24 घंटे के लिए अधिकतम 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। ऑटो के लिए 30 मिनट तक 80 रुपये, एक घंटे तक 100 रुपये और 24 घंटे तक अधिकतम 500 रुपये शुल्क लगेगा। निजी कार और एसयूवी के लिए पहले आठ मिनट पार्किंग नि:शुल्क रहेगी। इसके बाद 30 मिनट तक 150 रुपये, एक घंटे तक 200 रुपये और 24 घंटे के लिए अधिकतम 1000 रुपये शुल्क देना होगा। कमर्शियल कार के लिए पहले आठ मिनट से ही 200 रुपये शुल्क निर्धारित है और 24 घंटे तक अधिकतम 1200 रुपये लिया जाएगा।
टेंपो, छोटा हाथी, पिकअप, मिनीबस, बस और ट्रक के लिए आठ मिनट तक 600 रुपये और 24 घंटे तक अधिकतम 3000 रुपये शुल्क तय किया गया है। वहीं मासिक पास के तहत स्टाफ दोपहिया के लिए 300 रुपये, स्टाफ चार पहिया के लिए 800 रुपये, कमर्शियल टैक्सी और ऑटो के लिए 1000 रुपये, कैश कैरी वैन के लिए 1500 रुपये, क्रू वाहन के लिए 8000 रुपये, होटल वाहन के लिए 15000 रुपये और क्रूजर के लिए 20000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने नो-पार्किंग जोन या पिक-अप-ड्रॉप लेन में निर्धारित समय से अधिक रुकने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। ऐसे वाहनों के पहिए क्लैंप करने या क्रेन से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए दोपहिया वाहनों पर 500 रुपये और कार, टेंपो, एसयूवी, मिनीबस, बस व ट्रक पर 1000 रुपये जुर्माना निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।





















