लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पड़ोसी पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पिपरसंड निवासी महिमा सिंह पत्नी प्रशांत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिमा सिंह के मुताबिक, उनके मकान से सटे दिनेश सिंह चौहान उर्फ बबलू दरोगा का मकान है। महिला का आरोप है कि दिनेश आए दिन किसी न किसी बात को लेकर उसे और उसके पति के साथ सामने तथा फोन पर गाली-गलौज करता है। आरोप है कि 30 सितंबर की शाम करीब तीन बजे वह अपने पति के साथ मकान के दरवाजे पर खड़ी थीं।
महिला के अनुसार, इसी दौरान दिनेश सिंह चौहान ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसने और उसके पति ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर दोनों को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने शिकायत में आरोपी पर आपराधिक प्रवृत्ति का होने और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज होने का भी आरोप लगाया है।
फिलहाल पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















