Lucknow Businessman Death: लखनऊ में युवा कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच के बीच पुलिस ने फरार आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस मामले में चर्चित मॉडल श्रद्धा दुबे समेत तीन लोगों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। वहीं, मृतक की मां ने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, हजरतगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 216/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में मामला दर्ज है। पुलिस उपायुक्त, मध्य ने इस मामले में वांछित तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
श्रद्धा दुबे समेत इन तीन आरोपियों की तलाश
पुलिस ने जिन लोगों पर इनाम घोषित किया है, उनमें श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और तनवीर अली उर्फ दानिश शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों की गिरफ्तारी के लिए जरूरी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मामले में आरोपियों की तलाश जारी है।
चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा शर्मा की मौत
यह मामला 10 अक्टूबर को सामने आया था। लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में 28 वर्षीय कारोबारी शिवा शर्मा की चौथी मंजिल से नीचे गिरने के बाद मौत हो गई थी। घटना के बाद इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें शिवा को नीचे गिरते हुए देखा गया। शिवा की मौत के बाद उनकी मां रंजना ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि बेटे के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उसे चौथी मंजिल से धक्का दे दिया गया। उन्होंने अपनी शिकायत में मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, ड्राइवर, आदिल और कुछ अन्य अज्ञात लोगों पर बेटे की हत्या में शामिल होने का संदेह जताया है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
शिवा की मां ने आरोप लगाया है कि श्रद्धा दुबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिलाया। हालांकि, ये आरोप हैं और मामले में आरोपियों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस अब मामले से जुड़े साक्ष्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। फरार बताए जा रहे तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किए जाने के बाद उनकी तलाश तेज कर दी गई है। अब इस मामले में पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर नजर बनी हुई है।




















