श्रावस्ती। इकौना थाना क्षेत्र के टंडवा महंत गांव में दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुमित खेलते समय बिजली बोर्ड के तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
परिजनों के मुताबिक, करंट लगने के बाद सुमित की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे के बाद सुमित के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से गांव में भी मातम का माहौल है। परिजनों के लिए यह हादसा बेहद दुखद और झकझोर देने वाला रहा।
घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोगों से बिजली के खुले तारों और विद्युत उपकरणों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। खासकर छोटे बच्चों को बिजली के तारों और बोर्ड से दूर रखने की जरूरत है, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
रिपोर्ट: मनीष श्रीवास्तव, श्रावस्ती





















