श्रावस्ती में मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने के लिए निरंतर पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम चल रहा है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ललित कुमार ने पात्र नागरिकों से इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। अभियान के तहत ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया जा रहा है, जो अभी तक किसी कारणवश सूची में दर्ज नहीं हो सके हैं।
अभियान में पात्र युवाओं, छूटे हुए मतदाताओं, पहली बार मतदाता बनने के योग्य नागरिकों, बेघर, दिव्यांग और महिला मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए महिला कल्याण, उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा, दिव्यांगजन, ग्राम्य विकास और युवा कल्याण विभाग के सहयोग से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य निर्वाचन आयोग के ‘कोई मतदाता न छूटे’ के लक्ष्य को पूरा करना है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके जरिए पात्र नागरिक अपना नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करा सकेंगे।
इसके अलावा पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल Voters’ Services Portal और ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भी भरकर जमा कर सकते हैं। प्रशासन ने जिले के पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे पुनरीक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं।





















