सुल्तानपुर। जिला कारागार में बंद 21 वर्षीय कैदी अमित कुमार उर्फ बड्डे यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जेल प्रशासन के मुताबिक, कैदी ने बेडशीट फाड़कर बैरक नंबर तीन के पीछे स्थित नीम के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद जेल प्रशासन में हलचल मच गई।
मृतक कैदी अमित कुमार उर्फ बड्डे यादव बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र के अहिरन का पुरवा गांव का निवासी था। वह अपहरण, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में सुल्तानपुर जिला कारागार में बंद था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त को अमेठी जिले के जगदीशपुर थाने में दर्ज एक मुकदमे के सिलसिले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। उस पर 16 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया था।
न्यायालय के आदेश पर 31 अगस्त से अमित कुमार सुल्तानपुर जिला कारागार में निरुद्ध था। जेल में हुई इस घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।





















