सुल्तानपुर। शिक्षक दंपती स्व. मुकेश सिंह और उनकी धर्मपत्नी स्व. विनीता सिंह की हत्या के मामले में पुलिस की ओर से लिखित रूप से दी गई 48 घंटे की अवधि बीतने के बावजूद हत्याकांड का खुलासा नहीं हो सका है। इससे शिक्षक समुदाय में आक्रोश है। शिक्षक संगठनों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिक्षक संगठनों की सामूहिक बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार 3 अक्टूबर 2026, शनिवार को जिले के शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे सभी तिकोनिया पार्क, सुल्तानपुर में एकत्रित होंगे, जहां से कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
शिक्षक समुदाय का कहना है कि दो शिक्षकों की हत्या जैसी गंभीर घटना के बाद भी निर्धारित समय सीमा में पुलिस द्वारा हत्याकांड का खुलासा नहीं होना चिंता का विषय है। शिक्षकों ने पुलिस से जांच में तेजी लाने, हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
शिक्षक संगठनों ने स्पष्ट किया कि काली पट्टी और कैंडल मार्च शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की मांग को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का माध्यम होगा। संगठनों ने जिले के सभी शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशकों से 3 अक्टूबर के कार्यक्रम में शामिल होकर एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की है।





















