सुल्तानपुर में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक की शुरुआत हाल ही में हुए शिक्षक दंपती हत्याकांड में जान गंवाने वाले शिक्षक स्वर्गीय मुकेश सिंह और उनकी पत्नी को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के अधिकारियों, बीएसए, बीईओ और समिति के सदस्यों ने मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विभागीय अधिकारियों को पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने वित्त एवं लेखाधिकारी, बेसिक शिक्षा को निर्देशित किया कि मृतक शिक्षक मुकेश सिंह के परिवार को उनके सभी अनुमेय देयकों का भुगतान हर हाल में अगले 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बकाया वेतन, ग्रेच्युटी और एनपीएस भुगतान समेत अन्य देयकों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को उनके हक का भुगतान समय से मिले, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि भुगतान की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी या विभागीय लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को समय से उनके अनुमेय देयकों का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।





















