वाराणसी से केदारनाथ सिंह को टिकट
लखनऊ, 29 सितंबर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने छह और प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने तीन स्नातक और तीन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान किया है। इनमें वाराणसी स्नातक क्षेत्र से केदार नाथ सिंह को टिकट दिया गया है।
भाजपा की ओर से जारी सूची में वाराणसी, मेरठ, इलाहाबाद-झांसी, वाराणसी शिक्षक, आगरा शिक्षक और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार शामिल हैं।
भाजपा के छह प्रत्याशी
वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से केदार नाथ सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। मेरठ स्नातक क्षेत्र से दिनेश गोयल और इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र से अशोक कुमार राठौर को टिकट दिया गया है।
इसी तरह वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्रा, आगरा शिक्षक क्षेत्र से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से ध्रुव त्रिपाठी भाजपा के प्रत्याशी होंगे।
11 सीटों पर होना है चुनाव
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। इससे पहले भाजपा ने मई में पांच सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की थी। अब छह और नाम घोषित किए गए हैं।
चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 29 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को कराया जाएगा और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
भाजपा की छह सीटों पर पूरी हुई घोषणा
भाजपा ने पहले जिन पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए थे, उनमें लखनऊ स्नातक से अवनीश कुमार सिंह, आगरा स्नातक से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक से डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, लखनऊ शिक्षक से उमेश द्विवेदी और मेरठ शिक्षक से श्रीचंद शर्मा शामिल थे। अब छह नए नामों के ऐलान के साथ पार्टी ने सभी 11 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।
विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही इन निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। चुनाव परिणाम 27 अक्टूबर को सामने आएंगे।





















