सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने पर पीएम ने गिनाए बालाकोट से ऑपरेशन सिंदूर तक के उदाहरण; बोले- भारत की नीति अब जीरो टॉलरेंस की
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी में आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को दोहराते हुए कहा कि आतंकवादी भारत की ओर आंख उठाएंगे तो उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा। 28-29 सितंबर 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूरे होने से एक दिन पहले प्रधानमंत्री ने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक प्रतिक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक ने दुनिया के सामने भारत की आतंकवाद विरोधी नीति का नया उदाहरण रखा। बालाकोट एयर स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारत ने बार-बार यह संदेश दिया है कि आतंकवाद का जवाब दिया जाएगा।
पुराने हमलों का भी किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवादी हमलों ने भारत को लंबे समय तक चोट पहुंचाई है। उन्होंने सितंबर 2008 के दिल्ली सीरियल ब्लास्ट और 26/11 मुंबई हमले का उल्लेख किया। उनके अनुसार पहले आतंकी हमलों के बाद कार्रवाई की मांग होती थी, लेकिन अब भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रहा है।
9/11 के पीड़ितों को श्रद्धांजलि
मोदी ने अमेरिका में 9/11 आतंकी हमले के 25 वर्ष पूरे होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने हमले में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद अमेरिका यात्रा के दौरान उन्होंने न्यूयॉर्क में पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी थी।
32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज
प्रधानमंत्री ने जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना का पहला चरण राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग पूरा हो चुका है और 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है। मोबाइल के जरिए स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध है। अब तक 2.60 करोड़ से अधिक लोग इस माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर चुके हैं।
अशोक सिंघल को किया याद
27 सितंबर को विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल की 100वीं जयंती पर प्रधानमंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन में सिंघल के योगदान और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ उनके प्रयासों का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सिंघल ने समाज और संस्कृति के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
मोढेरा से पर्यावरण तक विरासत का संदेश
प्रधानमंत्री ने मोढेरा सूर्य मंदिर के इतिहास और गुजरात के मोढेरा को सौर ऊर्जा आधारित गांव के रूप में विकसित किए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विरासत और आधुनिक तकनीक का मेल भारत की निरंतरता को दर्शाता है। उन्होंने तमिलनाडु के मनप्पारई में प्राचीन प्रतिमाओं और मंदिरों की खोज के प्रयास का भी जिक्र किया।
बापू की जयंती पर स्वच्छता का आह्वान
दो अक्तूबर को महात्मा गांधी की जयंती से पहले मोदी ने स्वच्छता को बापू के प्रमुख संदेशों में शामिल बताया। मध्य प्रदेश में नदी सफाई, आंध्र प्रदेश में बावड़ियों और कुओं की सफाई, मुंबई में समुद्र तटों की सफाई और दिल्ली में कचरा अलग करने के लिए चल रहे जनअभियानों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति से शुरू हुआ प्रयास जनभागीदारी से बड़ा अभियान बन सकता है।
‘मन की बात’ का 12 साल का सफर
विजयादशमी से शुरू हुआ था सफर: ‘मन की बात’ की पहली कड़ी 3 अक्तूबर 2014 को आकाशवाणी पर प्रसारित हुई थी। अप्रैल 2015 से इसका प्रसारण हर महीने के अंतिम रविवार को होने लगा। शुरुआत में पहली कड़ी 14 मिनट की थी, दूसरी 19 और तीसरी 26 मिनट की रही। चौथी कड़ी से कार्यक्रम की अवधि करीब 30 मिनट निर्धारित रही।
100वीं कड़ी बनी बड़ा पड़ाव: 30 अप्रैल 2023 को कार्यक्रम की 100वीं कड़ी प्रसारित हुई। सरकारी जानकारी के अनुसार इसका प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के नेटवर्क के साथ कई भारतीय भाषाओं, बोलियों और विदेशी भाषाओं में किया जाता है। 27 सितंबर 2026 को इसकी 138वीं कड़ी प्रसारित हुई।





















