बाराबंकी में गुरुवार को झारखंड में हुए लाठीचार्ज के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे ABVP कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किए जाने की घटना को लेकर संगठन के लोग पटेल चौराहे पर जुटे। कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों के साथ बल प्रयोग किया गया। उनका कहना था कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक अधिकार है। ऐसे में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज की कार्रवाई उचित नहीं है। कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार से मामले में जवाब देने की मांग की।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका। इस दौरान पटेल चौराहे पर काफी देर तक नारेबाजी होती रही। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में घटना को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।
प्रदर्शन में विभाग संयोजक योगेश प्रताप सिंह, जिला संयोजक शिवेश शुक्ला, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य अभय राम त्रिपाठी, प्रांत सोशल मीडिया संयोजक आयुष वर्मा, नगर मंत्री निखिल पाण्डेय, मोहम्मद कामिल, विशाल सिंह, सलामुद्दीन, आशीष मिश्रा समेत बड़ी संख्या में ABVP कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।






















