मेजा, प्रयागराज। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को मेजारोड क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। भाजपा नेता इंद्रदेव शुक्ला ‘राजू भैया’, निषाद राज पार्टी के संजय शुक्ला और भाजपा नेत्री बीना मिश्रा के नेतृत्व में अलग-अलग समय पर भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। यात्राओं में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और क्षेत्रीय लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा के दौरान सबसे आगे डीजे पर देशभक्ति के गीत गूंजते रहे, जबकि पीछे हाथों में तिरंगा लिए लोगों का हुजूम चलता रहा। जगह-जगह ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। देशभक्ति गीतों और जयकारों के बीच पूरा मेजारोड क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के उत्साह में डूबा नजर आया।
भाजपा नेता इंद्रदेव शुक्ला ‘राजू भैया’ ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद करने और राष्ट्र की एकता व अखंडता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
निषाद राज पार्टी के संजय शुक्ला ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है। देश की तरक्की और मजबूती के लिए सभी को एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
भाजपा नेत्री बीना मिश्रा ने कहा कि महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि हर वर्ग के भीतर देश के प्रति सम्मान और प्रेम की भावना है। तिरंगा यात्रा ने लोगों को एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।
सुरक्षा व्यवस्था रही मुस्तैद
तिरंगा यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। चौकी प्रभारी मेजारोड के नेतृत्व में पुलिस टीम और पर्याप्त फोर्स यात्रा मार्ग पर तैनात रही। पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात को भी संभाला और यात्रा के दौरान लगातार निगरानी रखी।
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व निकाली गई इन तिरंगा यात्राओं को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला। तिरंगा लहराते लोगों, देशभक्ति गीतों और गगनभेदी नारों के बीच मेजारोड का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। पुलिस की मौजूदगी में यात्रा शांतिपूर्ण, अनुशासित और उत्साहपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।






















