Varanasi Airport Firing: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एयरपोर्ट की महिला कर्मचारी समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ का रहने वाला एक यात्री अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने वाला था। यात्री के पास पिस्टल और उसकी मैगजीन थी। एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान उसने अपने पास हथियार होने की जानकारी दी थी।
हथियार की जांच के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान पिस्टल को संभालते समय अचानक एक राउंड फायर हो गया। गोली पहले जमीन से टकराई और इसके बाद पास में मौजूद दो लोगों को जा लगी। हादसे में एक महिला कर्मचारी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, घटना 16 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे हुई। यात्री एयर इंडिया की फ्लाइट IX-1810 से मुंबई जाने की तैयारी में था। हथियार की स्क्रीनिंग के दौरान गोली चलने के बाद वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों में तुरंत हलचल मच गई।
दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि घटना में AAICLAS के दो स्क्रीनर्स घायल हुए हैं। दोनों को तत्काल चिकित्सा सुविधा के लिए अस्पताल भेजा गया। जानकारी के मुताबिक घायलों में एक महिला कर्मचारी भी शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उन्हें किसी गंभीर खतरे की बात सामने नहीं आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि जांच के दौरान हथियार से गोली किस तरह चली। एयरपोर्ट पर हथियार के साथ पहुंचने वाले यात्री से जुड़ी प्रक्रिया और घटना के दौरान सुरक्षा जांच के तरीके को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।






















