बाराबंकी। देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत 10वीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी में 14 अगस्त को भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए पीएसी के अधिकारी और जवान जब सड़कों पर निकले तो माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया। रैली के दौरान ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।
मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 9 से 17 अगस्त तक चल रहे अभियान के क्रम में आयोजित रैली का शुभारंभ सेनानायक राकेश कुमार सिंह (IPS) के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में हुआ। रैली का नेतृत्व सहायक सेनानायक मो. रिजवान ने किया। वाहिनी बैंड की देशभक्ति धुनों और जवानों के सामूहिक देशभक्ति गीतों के बीच रैली क्वार्टर गार्द से रवाना हुई। मोटरसाइकिलों पर सवार अधिकारी और कर्मचारी गेट नंबर-2 से निकलकर गोंडा-बहराइच बाईपास और अयोध्या-लखनऊ बाईपास होते हुए वाहिनी के गेट नंबर-3 पहुंचे।
तिरंगा लेकर सड़क पर निकले जवानों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर बाइक पर लहराता राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों ने राहगीरों का भी ध्यान अपनी ओर खींचा। रैली का उद्देश्य लोगों के बीच राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना और हर घर तिरंगा फहराने के लिए जागरूक करना रहा। रैली निर्धारित मार्ग से वापस क्वार्टर गार्द पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
इस अवसर पर सहायक सेनानायक मो. रिजवान ने अधिकारियों और कर्मचारियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बनाए रखे। रैली के माध्यम से पीएसी जवानों ने आमजन को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।






















