Bahraich Leopard Attack: बहराइच में जंगली जानवरों का आतंक एक बार फिर ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बन गया है। भेड़ियों के बाद अब जिले के कुछ इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी से दहशत का माहौल है। तेंदुए के हमले में एक महिला और एक मासूम बच्चे की मौत की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि मूर्तिहा थाना क्षेत्र के धर्मापुर इलाके में घास काटने गई एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई। घटना के बाद से आसपास के गांवों में डर का माहौल है और लोग अकेले खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं।
मासूम बच्चे पर भी हमला
वहीं, मोतीपुर इलाके में एक बच्चे पर तेंदुए के हमले की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि बच्चा अपने चाचा के साथ शौच के लिए गया था, इसी दौरान तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। घटना में बच्चे की मौत की सूचना है।
15 गांवों में अलर्ट
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद इलाके के करीब 15 गांवों में हाईअलर्ट जारी किए जाने की बात सामने आई है। वन विभाग और पुलिस की टीमें तेंदुए की तलाश में जुटी हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है।
घटनाओं से ग्रामीणों में बढ़ी दहशत
महिला और बच्चे पर हमले की घटनाओं के बाद ग्रामीणों में भारी भय है। इलाके में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन और वन विभाग की टीमों की ओर से लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव






















