अयोध्या। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ की ओर से मंडल स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। अयोध्या मंडल के पांच जनपदों के छात्र-छात्राओं ने इसमें हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की चार विधाओं का शुभारंभ अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर उन्होंने संस्कृत भाषा के विस्तार और विकास के लिए अयोध्या मंडल से सर्वाधिक आवेदन प्राप्त होने पर प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी।
प्रतियोगिता में संस्कृत सामान्य ज्ञान बाल वर्ग, संस्कृत गीत, संस्कृत सामान्य ज्ञान युवा वर्ग और श्लोक अंताक्षरी की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। संस्कृत सामान्य ज्ञान बाल वर्ग में सुल्तानपुर के अभिराज उपाध्याय ने प्रथम, अयोध्या के रघुनंदन पांडे ने द्वितीय और अंबेडकर नगर की रूपाली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संस्कृत गीत प्रतियोगिता में सुल्तानपुर की पूर्णिमा चतुर्वेदी प्रथम, बाराबंकी की प्राप्ति सिंह द्वितीय और साक्षी यादव तृतीय स्थान पर रहीं।
संस्कृत सामान्य ज्ञान युवा वर्ग में अयोध्या के सूरज कुमार दुबे ने प्रथम, आदित्य मिश्रा ने द्वितीय और मुमुक्षानंद तिवारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, श्लोक अंताक्षरी प्रतियोगिता में अयोध्या के शशांक पांडे प्रथम, कार्तिक तिवारी द्वितीय और बृजेश शुक्ला तृतीय स्थान पर रहे। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर पुरस्कृत किया। अन्य प्रतिभागियों को प्रतिभागिता और प्रोत्साहन प्रमाण पत्र दिए गए। मंडल संयोजक मनीष देव ने विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में पांचों जनपदों के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक और अभिभावक भी मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में विभिन्न महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों एवं संस्कृत विशेषज्ञों ने प्रतियोगिताओं का संचालन किया। आयोजन के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और निर्णायक मंडल के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही प्रतियोगिता का समापन हुआ।





















