सरोजनीनगर, लखनऊ। राजधानी के सरोजनीनगर क्षेत्र में ग्रीन गैस पाइपलाइन का बकाया बिल जमा करने के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने गैस कनेक्शन बंद होने का डर दिखाकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 4.31 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। पीड़ित को ठगी का पता चलने पर उसने सरोजनीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मानसरोवर कॉलोनी के सेक्टर-ओ विस्तार निवासी हरिप्रसाद यादव के मुताबिक, 21 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। इसमें ग्रीन गैस पाइपलाइन का बिल बकाया होने और भुगतान नहीं करने पर गैस आपूर्ति बंद किए जाने की बात कही गई थी। मैसेज में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर संदीप मिश्रा नाम के व्यक्ति ने उनसे बात की। इसके बाद दोपहर करीब 12:19 बजे दूसरे नंबर से फोन आया और डेबिट कार्ड के जरिए भुगतान करने को कहा गया।
पीड़ित का आरोप है कि फोन करने वाले ने पहले 13 रुपये जमा करने को कहा, लेकिन भुगतान नहीं हो सका। इसके बाद उनके बैंक खाते से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 1.99 लाख रुपये, 1.34 लाख रुपये, 68,823 रुपये और 30,125.32 रुपये कट गए। इस तरह खाते से कुल 4,31,948.32 रुपये निकल गए। रकम कटने की जानकारी मिलने पर हरिप्रसाद ने बैंक को सूचना दी और अपना खाता बंद करा दिया।
हरिप्रसाद यादव ने मामले की शिकायत सरोजनीनगर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उन मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच शुरू कर दी है, जिनसे पीड़ित को मैसेज और फोन आए थे। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी की इस घटना में कौन लोग शामिल हैं और रकम किन खातों में भेजी गई।





















