सुल्तानपुर। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डड़िया गांव में सोमवार देर रात प्रधानाध्यापक मुकेश सिंह (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (43) की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह दोनों के शव उनके निजी विद्यालय परिसर में खून से लथपथ मिले। सुबह करीब सात बजे स्कूल की चाबी लेने पहुंचे चालक ने शवों को देखा और पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और कादीपुर के क्षेत्राधिकारी विनय गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले विनीता सिंह की विद्यालय के एक कमरे में हत्या की गई। इसके बाद करीब 150 मीटर दूर पहुंचे मुकेश सिंह को भी हमलावरों ने घेरकर मार डाला।
मुकेश सिंह कंपोजिट विद्यालय खुनहट में प्रधानाध्यापक होने के साथ प्राथमिक शिक्षक संघ, मोतीगरपुर के अध्यक्ष भी बताए जाते हैं। वह शिक्षक संघ का चुनाव भी लड़ रहे थे। 30 सितंबर को प्रस्तावित चुनाव को 28 सितंबर को टाल दिया गया था। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस चुनाव को दंपती की हत्या से जोड़कर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दंपती की हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।





















